पटना न्यूज डेस्क: पटना में सोमवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। शहर के कुर्जी, पाटलिपुत्र कॉलोनी, पटना जंक्शन, गांधी मैदान, खेतान मार्केट और जेपी गंगा पथ जैसे इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। जलजमाव से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बिहार के अन्य जिलों में भी बारिश का असर दिख रहा है। बक्सर, छपरा, बेगूसराय, जहानाबाद और नालंदा में तेज बारिश हुई है। वहीं, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर समेत कई जगहों पर काले बादल छाए हुए हैं। जहानाबाद की नदियां उफान पर हैं और कई सड़कों पर नदी का पानी बहने लगा है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
झारखंड में हो रही भारी बारिश का असर बिहार के नालंदा जिले पर भी दिखाई दे रहा है। यहां हिलसा प्रखंड के 18 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। भागलपुर में गंगा का कटाव जारी है, जबकि नवगछिया इलाके में रिंग बांध का बड़ा हिस्सा नदी में समा गया है। गंगा से महज 100 मीटर दूर बने कई घर और झोपड़ियां पानी में बह गई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे बिहार के 38 जिलों के लिए सोमवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं बाढ़ और जलजमाव की समस्या बढ़ सकती है।