पटना न्यूज डेस्क: पटना विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को उस समय हंगामा मच गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। दोनों नेताओं के पहुंचते ही छात्रों के एक समूह ने “सम्राट चौधरी गो बैक” के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही नेताओं का काफिला परिसर में पहुंचा, कुछ छात्र मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाने लगे, वहीं अन्य छात्र सम्राट चौधरी के विरोध में उतर आए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ने लगी और सुरक्षाकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालात ऐसे बन गए कि मुख्यमंत्री और उनका काफिला कुछ ही मिनटों में वहां से लौट गया।
इस दौरान छात्र संगठन आईसा के कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पटना विश्वविद्यालय की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है—भवन जर्जर हैं, शिक्षकों की कमी है और पढ़ाई का स्तर गिर रहा है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। प्रशासन ने छात्रों को समझाकर कार्यक्रम स्थल से दूर करने की कोशिश की, लेकिन विरोध जारी रहा।
हंगामे के बीच ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वविद्यालय के नए प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया। करीब 147.29 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन के उद्घाटन में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी मौजूद रहे।