पटना न्यूज डेस्क: रामनवमी के अवसर पर इस बार राजधानी पटना में भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में महावीर स्थान न्यास समिति ने महावीर मंदिर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर 27 मार्च को होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
समिति के सचिव सायं कुणाल ने बताया कि इस बार पूरे शहर में भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिलेगा। पटना के 52 स्थानों से भव्य झांकियां निकाली जाएंगी, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी।
रामनवमी के दिन महावीर मंदिर के पट सुबह 2 बजे ही खोल दिए जाएंगे। सबसे पहले दर्शन करने वाले 10 श्रद्धालुओं को सम्मानित किया जाएगा। भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
इस मौके पर करीब 24 हजार किलो नैवेद्यम तैयार किया जाएगा। जीपीओ से महावीर मंदिर तक 12 काउंटर लगाए जाएंगे, जबकि मंदिर परिसर में भी 8 अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे, ताकि प्रसाद वितरण में कोई परेशानी न हो।
सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जीपीओ गोलंबर तक 20 से 30 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनसे लाइव दर्शन हो सकेंगे। साथ ही मेडिकल टीम और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था भी की जाएगी।
वाहनों की पार्किंग के लिए मल्टी लेवल पार्किंग के अलावा बुद्ध स्मृति पार्क के पास भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
रामनवमी के मौके पर पूरे शहर को करीब 2 लाख भगवा ध्वजों से सजाया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति और अनुशासन बनाए रखें और धक्का-मुक्की से बचें।