पटना न्यूज डेस्क: एलपीजी की कमी के बावजूद तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में लंगर सेवा लगातार जारी है। विश्व में सिखों के दूसरे सबसे बड़े तख्त माने जाने वाले इस गुरुद्वारे में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गुरु का लंगर ग्रहण कर रहे हैं। प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही ने बताया कि इंडियन ऑयल कंपनी के डीजीएम ने आश्वासन दिया है कि लंगर सेवा के लिए गैस सिलिंडर की कमी नहीं होने दी जाएगी और सेवा पहले की तरह चलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि गुरु के दरबार में लंगर सेवा कभी बंद नहीं होती और संगतों के लिए यह सेवा 24 घंटे चलती रहती है। लंगर हाल में एक समय में लगभग 500 संगतों के बैठकर भोजन करने की व्यवस्था है। प्रतिदिन करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालु पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण कर रहे हैं।
लंगर प्रभारी तेजिन्दर सिंह बंटी ने बताया कि सुबह 6 बजे से 11 बजे तक नाश्ते की सेवा दी जाती है, इसके बाद 11:30 बजे से शाम 5 बजे तक लंगर चलता है। शाम 5 से 7 बजे तक चाय-पानी की सेवा और फिर रात 7:30 बजे से सुबह तक दोबारा लंगर सेवा जारी रहती है। एलपीजी की किल्लत बढ़ने के बाद स्थानीय संगतों की संख्या भी बढ़ गई है और पहले की तुलना में रोजाना तीन से चार हजार अधिक लोग लंगर छकने आ रहे हैं।
लंगर अधीक्षक दलजीत सिंह के अनुसार लंगर सेवा में रोजाना करीब 25 गैस सिलिंडरों की खपत हो रही है और जरूरत के अनुसार सिलिंडर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी बीच कालीस्थान की रहने वाली गुड़िया अपने पति और तीन बच्चों के साथ लंगर हाल में भोजन करती नजर आईं। उन्होंने बताया कि होली के दौरान मेहमान आने से घर का सिलिंडर जल्दी खत्म हो गया और कई दिनों तक बुकिंग के बावजूद सिलिंडर नहीं मिला। मजबूरी में पिछले छह दिनों से वह परिवार के साथ गुरुघर के लंगर में ही भोजन कर रही हैं।