पटना न्यूज डेस्क: बिहारवासियों के लिए एक नई खुशखबरी है। पटना से दिल्ली की यात्रा अब और सहज हो जाएगी, क्योंकि जल्द ही इस मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत होने जा रही है। रेलवे ने पटना-दिल्ली के बीच स्पेशल वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल पहली बार जारी किया है।
सूत्रों के मुताबिक, वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से पटना की यात्रा को साढ़े 11 घंटे में पूरा करेगी। हालांकि, यात्रियों को यह सफर बैठकर ही करना होगा क्योंकि यह ट्रेन स्लीपर वंदे भारत नहीं है। स्लीपर वंदे भारत का ट्रायल अभी चल रहा है और कहा जा रहा है कि जैसे ही ट्रायल खत्म होगा, उसे इस स्पेशल वंदे भारत की जगह नियमित सेवा में शामिल किया जा सकता है।
CPRO सरस्वती चंद्र ने बताया कि दानापुर रेल मंडल अक्टूबर के अंत में पटना से दिल्ली के बीच इस ट्रेन का ट्रायल करेगा। रेल मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह ट्रेन 30 अक्टूबर को दिल्ली से पटना के लिए जाएगी, और 31 अक्टूबर को पटना से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस प्रस्थान करेगी। पहले चरण के शेड्यूल के तहत, वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से पटना 30 अक्टूबर, 1 नवंबर, 3 नवंबर और 6 नवंबर को चलाई जाएगी।
वंदे भारत ट्रेन, जो पटना से दिल्ली के लिए 31 अक्टूबर, 2 नवंबर, 4 नवंबर और 7 नवंबर को जाएगी, पटना से दिल्ली की दूरी 11 घंटे 35 मिनट में तय करेगी। पटना से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सुबह 7:30 बजे चलेगी और शाम 7:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दूसरी ओर, दिल्ली से पटना आने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सुबह 8:25 पर रवाना होगी और शाम 8:00 बजे पटना पहुंचेगी।
नई दिल्ली से सुबह खुलने वाली वंदे भारत ट्रेन कानपुर, प्रयागराज, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बाद बक्सर और आरा स्टेशन पर ठहराव करेगी और फिर पटना जाएगी। इसी प्रकार, पटना से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस आरा, बक्सर, दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज, और कानपुर में रुकेगी, उसके बाद यह सीधे नई दिल्ली पहुंचेगी।
दिल्ली से पटना की वंदे भारत ट्रेन में सफर करने के लिए लोगों को चेयर कार का किराया 2575 रुपये देना होगा। जबकि, एक्सक्यूटिव चेयर कार के लिए 4655 रुपये का भुगतान करना होगा, जिसमें चाय-नाश्ता और खाना भी शामिल है। इस ट्रेन की घोषणा के बाद दीपावली और छठ पर्व पर बिहार आने वाले लोगों के लिए यात्रा करना आसान होगा, क्योंकि सभी ट्रेनों में सीटें नहीं हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।