पटना न्यूज डेस्क: बिहार कांग्रेस के नए प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने गुरुवार को पहली बार पटना पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी संभाली। पटना एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे और सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कांग्रेस को एकजुट करने और मजबूत करने का संकल्प लिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार कांग्रेस के लिए नई नहीं, बल्कि पुरानी जगह है, जहां पार्टी को फिर से मजबूत करने की जरूरत है।
कृष्णा अल्लावरु ने पार्टी के भीतर गुटबाजी पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि कांग्रेस को हराने की ताकत किसी भी पार्टी या संगठन में नहीं है, बल्कि कांग्रेस खुद ही खुद को हरा सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी नेता गुटबाजी की लक्ष्मण रेखा पार करेगा, तो उसे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि दिल्ली-पटना के चक्कर लगाने के बजाय बूथ स्तर पर फोकस करें, क्योंकि विधानसभा चुनाव जीतने की कुंजी वहीं है। पटना पहुंचने के बाद वे कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के आवास भी गए, जहां उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद कृष्णा अल्लावरु कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे, जहां उनका ऐतिहासिक तरीके से स्वागत किया गया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जेसीबी मशीन के जरिए उन्हें फूलों की माला पहनाई, जो बिहार कांग्रेस के इतिहास में पहली बार हुआ। सदाकत आश्रम में उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की और सभी को एकजुट होकर मेहनत करने का संदेश दिया।