ताजा खबर

औरंगाबाद में भीषण बस हादसा, 50 यात्रियों से भरी बस पलटी; 20 घायल

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, August 13, 2026

पटना न्यूज डेस्क: बिहार के औरंगाबाद में यात्रियों से भरी हंसराज स्लीपर बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। वाराणसी से झारखंड के रास्ते पाटन जा रही बस डाल्टनगंज मार्ग पर ओवरब्रिज पार करने के बाद रात करीब 1 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर सो रहे थे।

हादसा इतना जोरदार था कि पलटने के बाद बस सड़क पर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में बस चालक समेत 20 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे वाली जगह के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि बस की खड़े ट्रक से टक्कर हुई, जिसके बाद चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और वह पलट गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बस और ट्रक के बीच सीधी टक्कर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

हादसे की तेज आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। कुछ ही देर में नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव का काम संभाल लिया।

ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

3 गंभीर घायलों को जमुहार मेडिकल कॉलेज भेजा गया

हादसे में घायल ज्यादातर यात्री औरंगाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों में बघोई गांव के महाराणा सिंह, सीमा कुमारी, बबलू कुमार, सत्य कुमार और बेलमती देवी शामिल हैं। इसके अलावा भैरोपुर के विजय तिवारी, छतरपुर के मुर्तुजा अंसारी और बस चालक बबलू पांडेय व पिंटू पांडेय भी घायल हुए हैं।

प्राथमिक इलाज के बाद बस चालक समेत 3 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जमुहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती यात्रियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। एसडीओ ने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार से भी इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली और डॉक्टरों को सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.