पटना न्यूज डेस्क: पटना में लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला खाना उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने पटना और मुजफ्फरपुर के कई होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह एक्सपायर्ड और सड़ा हुआ सामान मिला, जबकि कुछ रेस्टोरेंट में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक साथ रखा गया था। बुद्ध मार्ग स्थित अनमोल होटल से पनीर, चिकन, ग्रेवी, मशरूम और सब्जियों समेत 36,650 रुपये का सामान जब्त कर नष्ट कराया गया। यहां किचन की सफाई ठीक नहीं थी और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच से जुड़े दस्तावेज भी नहीं मिले। विभाग ने होटल को सात दिनों में कमियां दूर करने का नोटिस दिया है।
फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में एक्सपायर्ड दूध, अमूल चीज और डेयरी क्रीम समेत करीब दो हजार रुपये का सामान मिला, जिसे जब्त कर नष्ट कराया गया। यहां से कच्चे चिकन के दो नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा नियमों में गंभीर कमियां मिलने पर किचन को तीन दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया गया। वहीं, बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल में गंदगी और जरूरी दस्तावेजों की कमी मिलने पर किचन दो दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया गया। आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल से 13 किलो हाफ बॉयल्ड चिकन, तीन किलो वेज आइटम और डेढ़ किलो उबला मटन जब्त कर नष्ट कराया गया। इसकी कीमत करीब 3,150 रुपये बताई गई है।
एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक साथ रखा मिला। यहां खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़े नियमों का पालन भी नहीं हो रहा था। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना लिया। एसके पुरी के बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल से चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने लिए गए, जबकि मटन महल से सरसों तेल का नमूना जांच के लिए भेजा गया। बेली रोड स्थित मटन महल को खाद्य लाइसेंस बनवाने और सात दिनों के भीतर जरूरी दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड के टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में दो किलो चिकन, एक किलो पीली दाल, एक किलो पकी मछली और तीन किलो ग्रेवी सड़ी हुई मिली। टीम ने करीब एक हजार रुपये की यह सामग्री जब्त कर नष्ट करा दी।
आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट में खाद्य और गैर-खाद्य सामान एक साथ रखा मिला। यहां भी सामान के भंडारण से जुड़े फीफो और एफईएफओ नियमों का पालन नहीं हो रहा था। टीम ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिक्स दाल के नमूने लिए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और फॉस्टैक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी नहीं मिले। मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित एआर बेकरी में जांच के दौरान बिकाजी भुजिया और थम्स अप, स्प्राइट व माजा समेत करीब 2,100 रुपये के खाद्य और पेय पदार्थ जब्त कर नष्ट कराए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को नियमों का पालन करने और ग्राहकों को सुरक्षित व अच्छी गुणवत्ता वाला खाना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।