ताजा खबर

पटना में विवादित जमीन की जांच करने पहुंचे दरोगा को रॉटविलर ने काटा, मालिक पर हमले के लिए उकसाने का आरोप

Photo Source : Google

Posted On:Monday, November 2, 2026

पटना न्यूज डेस्क: पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में विवादित जमीन की जांच करने पहुंचे एक दरोगा को पालतू कुत्ते ने काट लिया। इस घटना में दरोगा के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। आरोप है कि जमीन के मालिक ने अपने रॉटविलर कुत्ते से दरोगा पर हमला कराया। मामले में कुत्ते के मालिक संजय कुमार उर्फ पिंकू साव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जांच के लिए मौके पर पहुंची थी पुलिस

प्राथमिकी के मुताबिक, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार सिंह 24 अक्टूबर को गश्ती पर थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1:10 बजे थानाध्यक्ष ने उन्हें नवीन सिन्हा पथ पर उत्तरी मंदिरी सुधा बूथ के पास स्थित एक विवादित जमीन पर निर्माण कार्य होने की सूचना दी। इस जमीन पर अदालत ने निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। सूचना मिलने के बाद दरोगा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां संजय कुमार उर्फ पिंकू साव अपने पालतू रॉटविलर कुत्ते के साथ मौजूद थे।

आरोप है कि जमीन पर ईंट गिराने को लेकर पूछताछ करने पर पिंकू साव ने कुत्ते को दरोगा पर हमला करने का इशारा किया। इसके बाद कुत्ते ने उनके बाएं हाथ में काट लिया। घायल दरोगा को इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया। इसके बाद 25 अक्टूबर को उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पिंकू साव ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, संजय कुमार उर्फ पिंकू साव ने पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि पुलिस पदाधिकारी खुद मोबाइल से वीडियो बनाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान कुत्ते ने उनके हाथ में काट लिया। पिंकू साव के मुताबिक, कुत्ते के लपकने पर उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया था और इसमें उनकी कोई गलती नहीं है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि जमीन पर ईंटें पहले से ही गिरी हुई थीं और वहां कोई नया निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.