ताजा खबर

छठ के बाद बिहार से लौटने वालों की बढ़ी मुश्किलें, पटना में 70 सेकेंड में खत्म हो रहा तत्काल कोटा

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, November 18, 2026

पटना न्यूज डेस्क: छठ पूजा के बाद बिहार से नौकरी और कामकाज के लिए दूसरे राज्यों में लौटने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली, मुंबई, सूरत, बेंगलुरु और कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। पटना जंक्शन पर तत्काल टिकट के लिए इतनी भीड़ उमड़ रही है कि एसी क्लास का कोटा खुलने के महज 60 से 70 सेकेंड के भीतर ही भर जा रहा है।

बुधवार को पटना जंक्शन के रिजर्वेशन काउंटर पर सुबह 5 बजे से ही यात्रियों की कतार लग गई थी। कोई अकेले तो कोई पूरे परिवार के साथ टिकट लेने पहुंचा था। लोग फॉर्म भरकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इस दौरान काउंटर पर टिकट लेने के लिए धक्का-मुक्की भी हुई और कई बार यात्रियों के बीच बहस की स्थिति बन गई। सुबह 10 बजे एसी तत्काल बुकिंग शुरू होते ही संपूर्ण क्रांति, विक्रमशिला एक्सप्रेस और पटना-पुणे जैसी ट्रेनों में सीटें भर गईं। शुरुआती तीन यात्रियों को ही कन्फर्म टिकट मिल सका, जबकि चौथे और पांचवें नंबर पर खड़े लोगों को वेटिंग टिकट मिला।

एसी में टिकट नहीं मिलने के बाद यात्रियों को स्लीपर तत्काल से उम्मीद थी, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिली। सुबह 11 बजे बुकिंग शुरू होने के करीब डेढ़ मिनट के अंदर ही दिल्ली जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग 45 से 60 के पार पहुंच गई। विक्रमशिला एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, दानापुर-आनंद विहार एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। यात्रियों का कहना है कि घंटों लाइन में लगने के बावजूद उन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।

पटना के कृष ने बताया कि वह सुबह 9 बजे से टिकट के लिए लाइन में लगे हैं, लेकिन कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। उनके मुताबिक, कुछ लोग एक साथ छह-छह फॉर्म लेकर कतार में खड़े हैं और यात्रियों के बीच टिकट को लेकर विवाद हो रहा है। उन्होंने काउंटर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। वहीं, रविन्द्र कुमार ने बताया कि कई टिकट काउंटर बंद होने से भी भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एसी का टिकट नहीं मिलने के बाद अब वह स्लीपर के लिए कोशिश कर रहे हैं। छठ के बाद काम पर लौटने की मजबूरी और सीमित सीटों के चलते खासकर परिवार के साथ सफर करने वालों की परेशानी बढ़ गई है।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.