ताजा खबर

छठ पर घर जाने के लिए टैक्सी बनी लोगों की पहली पसंद, फ्लाइट के मुकाबले 40 हजार रुपये तक की बचत

Photo Source : Google

Posted On:Friday, November 13, 2026

पटना न्यूज डेस्क: छठ महापर्व के लिए बिहार और पूर्वांचल जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ने के साथ ही यात्रा करना महंगा और मुश्किल होता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के बड़े शहरों में रहने वाले लोग त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट रहे हैं। लेकिन ट्रेनों और बसों में कंफर्म टिकट मिलना आसान नहीं है। वहीं, हवाई किराया भी काफी बढ़ गया है। ऐसे में लोग टैक्सी और शेयरिंग कैब का सहारा लेकर अपने घर पहुंच रहे हैं। खासकर 3-4 सदस्यों वाले परिवारों के लिए टैक्सी से सफर करना हवाई यात्रा के मुकाबले सस्ता साबित हो रहा है।

इसका उदाहरण नोएडा में रहने वाले पटना निवासी अमित झा हैं। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ छठ मनाने पटना जाना चाहते थे। कई दिनों तक ट्रेन में टिकट तलाशने के बावजूद उन्हें कंफर्म टिकट नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने टैक्सी से जाने का फैसला किया। टैक्सी चालक से 25 हजार रुपये में बात तय हुई। अमित अपने परिवार के साथ सुबह 5 बजे नोएडा से निकले और शाम करीब 7 बजे पटना स्थित अपने घर पहुंच गए। रास्ते में रुकने और खाने-पीने के बावजूद उनका सफर आराम से पूरा हुआ।

वहीं, हवाई सफर की बात करें तो छठ के मौके पर दिल्ली से बिहार के अलग-अलग शहरों का किराया काफी ज्यादा है। शुक्रवार सुबह 11 बजे मेकमायट्रिप पर दिल्ली से पटना के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया 16,209 से 17,153 रुपये, इंडिगो का 19,045 से 20,023 रुपये और एयर इंडिया का 20,336 से 29,531 रुपये तक था। दिल्ली से दरभंगा और पूर्णिया के लिए उस दिन कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी। वहीं, दिल्ली से गया के लिए एयर इंडिया की एक फ्लाइट का किराया 12,344 रुपये था। दिल्ली से बागडोगरा के लिए स्पाइसजेट का किराया 19,748 रुपये और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 25,700 रुपये था।

ऐसे में चार लोगों के परिवार को दिल्ली से पटना तक हवाई यात्रा करने में करीब 65 हजार से 1.18 लाख रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं, जबकि टैक्सी से यही सफर करीब 25 हजार रुपये में पूरा हो रहा है। यानी परिवार के कम से कम 40 हजार रुपये बच सकते हैं। गाजियाबाद के टैक्सी मालिक अवधेश के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग 25 से 30 हजार रुपये में टैक्सी बुक कर बिहार के अलग-अलग शहरों में जा रहे हैं। इसके अलावा शेयरिंग कैब भी लोगों की पसंद बन रही है। ब्ला-ब्ला ऐप पर शुक्रवार सुबह नोएडा से पटना जाने के लिए प्रति यात्री करीब 2,500 रुपये किराया लिया जा रहा था। हालांकि, शेयरिंग कैब का किराया उपलब्ध सीटों के हिसाब से बदल सकता है।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.