पटना न्यूज डेस्क: बुधवार को केंद्रीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में शिशु दुग्धपान और चेंजिंग कक्ष का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, हाजीपुर की अध्यक्ष सुनिता सिंह ने की। यह चेंजिंग कक्ष विशेष रूप से अस्पताल में आने वाली माताओं के लिए बनाया गया है, ताकि वे अपने बच्चों को सुरक्षित और आरामदायक माहौल में दुग्धपान करा सकें। यह सुविधा पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन हाजीपुर और इनर व्हील क्लब ऑफ आम्रपाली पटना के सहयोग से प्रदान की गई है।
इस अवसर पर, पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष सुनिता सिंह ने अस्पताल के मरीजों के लिए 15 बीपी मशीनों और एक लेजर प्रिंटर मशीन भी दान की। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में इनर व्हील क्लब ऑफ आम्रपाली, पटना की अध्यक्ष विभा कुमार भी मौजूद थीं। साथ ही, पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष रंजना कुमार, सचिव मीनाक्षी कुमार, कोषाध्यक्ष अर्चना चौधरी, संयुक्त सचिव प्रियंका सिंह और अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।