पटना न्यूज डेस्क: पटना पहुंचीं अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा ने पत्रकारों से बातचीत में नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में आज भी बड़ी संख्या में महिलाएं और लड़कियां माहवारी के दौरान कपड़े का इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे वे गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस ने राज्य में एक सर्वे किया था, जिसमें यह चिंताजनक स्थिति सामने आई। इसके बाद महिला कांग्रेस ने यह जिम्मेदारी ली है कि अब वह बिहार की महिलाओं और बेटियों को मुफ्त सैनिटरी वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराएगी, ताकि वह कपड़े का इस्तेमाल बंद कर सकें।
अल्का लांबा ने बताया कि इन पैड्स को खुद बिहार की महिलाएं बना रही हैं, जिससे उन्हें रोजगार भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दिनों में बिहार की एक लाख महिलाओं को मुफ्त में सैनिटरी पैड वितरित किए जाएंगे। यह अभियान महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कांग्रेस का बड़ा कदम है।
उन्होंने एक पैड का पैकेट दिखाते हुए तंज भी कसा कि इस पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीर है, लेकिन असल में यहां नीतीश कुमार और मोदी जी की फोटो होनी चाहिए थी, क्योंकि कोर्ट ने आपकी सरकार को मशीनें लगाने का आदेश दिया था, जिसे सरकार पूरा नहीं कर सकी।