पटना न्यूज डेस्क: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठन स्तर पर कमर कस ली है। इसी दिशा में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष शनिवार को पटना पहुंचे और वहां से राजगीर रवाना हुए, जहां भाजपा की एक अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित हो रही है। इस बैठक को आगामी चुनावों की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजगीर की इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, संगठन महामंत्री, सभी जिलाध्यक्ष, मंडल प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में बूथ स्तर तक की चुनावी रणनीति, युवाओं और महिलाओं को जोड़ने की योजना, और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर प्रचार अभियान की रूपरेखा तय की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि सीट बंटवारे को लेकर एनडीए के भीतर जारी चर्चाओं के बीच भाजपा अपने संगठन को हर हाल में मजबूत करना चाहती है।
बीएल संतोष की यह यात्रा पार्टी के लिए संगठनात्मक रूप से न केवल प्रेरणास्रोत है, बल्कि चुनावी समन्वय की दिशा में भी एक मजबूत कदम मानी जा रही है। उनके कुछ जिलों के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की भी संभावना है, जिससे पार्टी के कैडर को स्पष्ट दिशा मिलेगी।
उधर, बिहार में महागठबंधन खेमे में भी हलचल तेज है। आज तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन की अहम बैठक हो रही है, जिसमें कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्ना अलवरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, राजद नेता आलोक मेहता और वाम दलों के कई नेता शामिल हो चुके हैं। पहले कोऑर्डिनेशन कमिटी और फिर सब कमेटी की बैठक होने वाली है।
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि आगामी चुनाव से पहले दोनों खेमे फुल मोड में तैयारी में जुटे हैं और बिहार की राजनीतिक जमीन पर हलचल आने वाले हफ्तों में और तेज होने वाली है।