पटना न्यूज डेस्क: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए दोहरा अलर्ट जारी करते हुए एक ओर तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी है, तो दूसरी ओर जून के पहले सप्ताह से भीषण लू लौटने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी की संभावना है। पटना, गया, बक्सर, भोजपुर, लखीसराय, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। इसके साथ ही वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में दक्षिण और पश्चिमी बिहार के जिलों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ेगा। विशेष रूप से रोहतास, भभुआ, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। ऐसे में दोपहर के समय लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
आईएमडी के मुताबिक, बारिश का सिस्टम कमजोर पड़ने के बाद जून के पहले सप्ताह से पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे राज्य में एक बार फिर लू का प्रकोप शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा आगामी दिनों में बढ़ने वाली गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पानी पीते रहें और दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।