पटना न्यूज डेस्क: बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में गुरुवार को गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। उमनाथ गंगा घाट के पास करीब 14 लोगों को लेकर जा रही एक नाव अचानक पलट गई। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच अन्य लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज आंधी और हवा के कारण नाव नदी के बीचोंबीच असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग और अन्य नाविक मौके पर पहुंचे और कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि नाव में 14 से 15 लोग सवार थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों को दूसरी नाव की मदद से बचाया गया, जबकि कई लोग नदी में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने लोग डूबे हैं, लेकिन कई लोगों के लापता होने की आशंका बनी हुई है।
बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो शव बरामद किए गए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF की टीम को मौके पर भेजा गया है और गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।