पटना न्यूज डेस्क: पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। जीरो माइल के पास तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी। देखते ही देखते प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और इलाके में तनाव फैल गया।
मनीष पटना में फ्लेक्स बनाने का काम करता था और रोज अपने गांव से शहर आता-जाता था। तीन भाई-बहनों में वह सबसे बड़ा था। शुक्रवार सुबह भी वह करीब 7 बजे रोज की तरह काम के लिए निकला था। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ने पर फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने पहुंची, लेकिन भीड़ ने उसे रोक दिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने दो पुलिस गाड़ियों, बसों और बाइक समेत करीब 10 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। ट्रैफिक पुलिस पोस्ट में भी आग लगा दी गई। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-30 पर जाम लगा दिया और मौके पर पहुंचे कुछ पत्रकारों के साथ भी मारपीट की गई।
सूचना मिलते ही 9 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था बहाल कर दी। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आगजनी और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।