पटना न्यूज डेस्क: पटना के चर्चित कोचिंग संचालक और शिक्षक खान सर उर्फ फैजल खान एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार यूपी की रहने वाली एक महिला ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पटना के पीरबहोर थाने में शिकायत दी है। महिला ने 25 अगस्त 2026 को मीडिया से बात करते हुए बताया कि उसने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसका दावा है कि उसे खान सर से अपनी जान का खतरा है।
क्या है पूरा मामला?
महिला के मुताबिक, मामला 2017-18 का है। उसका आरोप है कि खान सर पटना में रहने वाली उसकी एक दोस्त के कमरे पर आते थे और वहां कई घंटे बिताते थे। महिला ने बताया कि उसने कई बार इसका विरोध भी किया था। उसका आरोप है कि उस समय उसे पुलिस केस में फंसाने की कोशिश की गई और सुल्तानगंज थाने की पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया था।
महिला ने दावा किया है कि उसे खान सर के कथित अवैध संबंध के बारे में जानकारी है और इसी वजह से उसे डर है कि उसकी हत्या करवाई जा सकती है। इसी आशंका को लेकर उसने पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दी और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
टाउन डीएसपी ने क्या कहा?
मामले में पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला का बयान दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पटना के टाउन डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पीरबहोर थाने में एक लड़की की ओर से आवेदन दिया गया है, जिसमें फैजल खान उर्फ खान सर का नाम लेते हुए उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई गई है।
डीएसपी के मुताबिक, महिला खुद थाने नहीं आई थी। बाद में एक महिला पुलिस अधिकारी ने उससे संपर्क किया और उसका बयान दर्ज किया। महिला ने बताया कि 2017 में जब वह उस इलाके में रहती थी, तब खान सर वहां क्लास चलाते थे और उस दौरान उनकी दो-तीन लड़कियों से दोस्ती थी। पुलिस के अनुसार, 2018 के बाद महिला की खान सर या अपनी उस दोस्त से मुलाकात नहीं हुई है। फिलहाल महिला ने सिर्फ आशंका जताई है, इसलिए पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।