ताजा खबर

बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, June 11, 2026

पटना न्यूज डेस्क: बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर-पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने राज्यभर में बादल छाए रहने, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राजधानी पटना समेत सभी जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। खासकर पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सिवान और वैशाली जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच से छह दिनों तक तेज हवा और गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बुधवार को भी कई जिलों के तापमान में कमी देखने को मिली। पटना का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भभुआ 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। मधेपुरा और बक्सर में 59 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गईं।

बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। किशनगंज के टेढ़ागाछ में सबसे अधिक 57.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया के सिकटी में 51.2 मिमी, किशनगंज के पोठिया में 44.2 मिमी, दिघलबैंक में 42 मिमी और पश्चिम चंपारण के चनपटिया में 37.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.