पटना न्यूज डेस्क: पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में बुधवार को मौसम ने करवट ली, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। दिन में बादल छाए रहे और कई जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने, मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की कमी से राहत भरा माहौल बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। वातावरण में नमी बढ़ने से भी मौसम का मिजाज बदला है।
राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी पटना में 0.2 मिमी, औरंगाबाद के कुटुंबा में 2.6 मिमी, भभुआ, रोहतास और पश्चिम चंपारण के कुछ हिस्सों में भी बूंदाबांदी हुई। मधुबनी में 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली।
तापमान की बात करें तो पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि छपरा 34.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थान रहा।