पटना न्यूज डेस्क: पटना के एडीएम (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्विटी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को कई ठिकानों पर छापेमारी की। रविंद्र की तैनाती फिलहाल पटना में है, जबकि उनकी पत्नी दानापुर की जिला सब रजिस्ट्रार हैं। पटना और बेगूसराय में एक साथ हुई तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, महंगी घड़ियां, सोने के आभूषण और जमीन-मकान से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात अधिकारियों ने कही है।
पटना के दानापुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 304 में तलाशी के दौरान करीब 70 लाख रुपये नकद मिलने का दावा किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अलमारी से पहले करीब 6 लाख रुपये मिले और बाद में फ्लैट के दूसरे हिस्सों की तलाशी में कुल 70 लाख रुपये बरामद हुए। इसके अलावा करीब 6 लाख रुपये कीमत की 48 घड़ियां भी मिली हैं। निगरानी टीम के अनुसार दोनों अधिकारियों के नाम और परिवार के सदस्यों के नाम कई जमीन और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
जांच एजेंसी के मुताबिक रविंद्र कुमार दिवाकर और उनके परिवार के नाम फुलवारीशरीफ, रूपसपुर और बेगूसराय में कई जमीन और फ्लैट हैं। एजेंसी ने इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये में बताई है। इनमें फुलवारीशरीफ में रविंद्र, उनकी पत्नी और पिता के नाम दर्ज प्लॉट भी शामिल हैं। बेगूसराय के बलिया में रविंद्र के नाम जमीन और उनके पिता के नाम दर्ज जमीन का भी ब्योरा सामने आया है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का मिलान दोनों अधिकारियों की घोषित आय और संपत्ति से किया जाएगा।
बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास पर भी छह सदस्यीय टीम ने तलाशी ली। यहां से करीब 9 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण मिलने की जानकारी दी गई है। निगरानी विभाग के मुताबिक इस मामले में कोर्ट से तलाशी वारंट लेने के बाद कार्रवाई की गई है। रविंद्र कुमार पहले शिक्षक रह चुके हैं और बाद में बिहार प्रशासनिक सेवा में आए। वह गयाजी में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी कुमारी स्विटी 2013 में सब रजिस्ट्रार बनी थीं और फिलहाल दानापुर में तैनात हैं। विभाग का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद बरामद नकदी, आभूषण, निवेश और संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने रखा जाएगा।