पटना न्यूज डेस्क: बिहार की राजधानी पटना में स्थित पटना यूनिवर्सिटी परिसर से दो जिंदा देसी बम मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने इक़बाल हॉस्टल परिसर के पीछे स्थित एक जर्जर भवन से इन बमों को बरामद किया। सूचना मिली थी कि छात्र गुटों के बीच निजी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो सकती है, जिसके बाद पुलिस ने देर रात सर्च अभियान चलाया।
पीरबहोर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात इक़बाल हॉस्टल में छापेमारी शुरू की, जो मंगलवार तड़के तक जारी रही। तलाशी के दौरान इक़बाल हॉस्टल के पीछे मौजूद खंडहरनुमा इमारत से दो जिंदा बम बरामद किए गए। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने इक़बाल, जैक्सन, नदवी, कैवेंडिश और मिंटो हॉस्टल में भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन की निगरानी में की गई। हालांकि अन्य हॉस्टलों से कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। बरामद बमों को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ता मौके पर बुलाया गया, जिसने सुरक्षित तरीके से बमों को डिफ्यूज किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, छात्र गुटों के बीच संभावित झड़प और बम इस्तेमाल की सूचना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हॉस्टल वार्डनों को सतर्क रहने और बाहरी लोगों की एंट्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद बमों को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा और इस पूरे मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।