पटना न्यूज डेस्क: अपनी आने वाली फिल्म 'बंटवारा 1947' की रिलीज़ से पहले अभिनेता सनी देओल अपने बेटे करण देओल के साथ पटना स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचे। दोनों ने गुरुद्वारे में माथा टेका, अरदास की और कड़ा प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद लिया।
सनी देओल ने इस आध्यात्मिक यात्रा की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन जन्मस्थली पर मत्था टेककर वह खुद को बेहद सौभाग्यशाली और धन्य महसूस कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सिखों के पांच तख्तों में से एक तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मस्थली है। उनका जन्म वर्ष 1666 में पटना में हुआ था। इस पवित्र स्थल का संबंध गुरु नानक देव जी और गुरु तेग बहादुर जी से भी जुड़ा हुआ है।
सनी देओल और करण देओल इन दिनों बिहार में अपनी फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
हाल ही में रिलीज़ हुए ट्रेलर के मुताबिक, फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एक परिवार की जिंदगी हिंसा, डर और विस्थापन के बीच बदल जाती है। इस फिल्म के जरिए प्रीति जिंटा करीब आठ साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
माना जा रहा है कि 'बंटवारा 1947' मशहूर लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक 'जिस लाहौर नईं वेख्या, ओ जम्याइ नईं' से प्रेरित है।