पटना न्यूज डेस्क: हरतालिका तीज के दिन सोमवार को पटना में अचानक मौसम बदल गया। सुबह करीब 10:45 बजे कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। पाटलिपुत्र कॉलोनी, इंद्रपुरी, राजीव नगर और दीघा समेत शहर के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। अचानक बारिश शुरू होने से सड़क पर मौजूद लोगों को बचने के लिए आसपास की दुकानों और दूसरी जगहों का सहारा लेना पड़ा।
कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान पटना के लोगों को बारिश ने राहत दी। बारिश के साथ तापमान में कुछ कमी आई और ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया। तीज की खरीदारी के लिए सुबह से बाजारों में निकले लोगों को बारिश के कारण कुछ देर परेशानी जरूर हुई, लेकिन गर्मी से राहत मिलने से लोगों ने इसे राहत की बारिश माना। आसमान में बादल छाए रहने के कारण शहर के दूसरे इलाकों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
इधर, मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने सुबह 10:45 बजे तत्काल मौसम चेतावनी जारी की। इसके मुताबिक पटना, भोजपुर, गया, जमुई, लखीसराय, नालंदा, नवादा, सारण और शेखपुरा के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटे के दौरान बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कुल 59 प्रखंडों को संभावित प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया है।
चेतावनी वाले क्षेत्रों में नवादा के सभी 14 प्रखंड, लखीसराय के सभी 7 और शेखपुरा के सभी 6 प्रखंड शामिल हैं। नवादा में अकबरपुर, काशीचक, कौआकोल, गोविंदपुर, नरहट, नवादा, नारदीगंज, पकरीबरावां, मेसकौर, रजौली, रोह, वारिसलीगंज, सिरदला और हिसुआ को अलर्ट किया गया है। लखीसराय में चानन, पिपरिया, बड़हिया, रामगढ़ चौक, लखीसराय, सूर्यगढ़ा और हलसी, जबकि शेखपुरा में अरियरी, घाट कुसुंभा, चेवाड़ा, बरबीघा, शेखपुरा और शेखोपुर सराय शामिल हैं। सारण में छपरा और रिविलगंज, भोजपुर में कोईलवर और बड़हरा तथा नालंदा में अस्थावां, कतरीसराय, गिरियक, बिहारशरीफ, राजगीर, सरमेरा और सिलाव को भी चेतावनी वाले क्षेत्रों में रखा गया है।