पटना न्यूज डेस्क: पटना में दशहरा के दौरान भीड़ और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए 17 से 20 अक्टूबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस दौरान डाकबंगला चौराहे से कोतवाली तक दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यह व्यवस्था 17 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक लागू रहेगी। पटना पुलिस, एसएसपी और जिला प्रशासन ने मिलकर इसकी जानकारी दी है। हालांकि, एंबुलेंस, शव वाहन, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन और अधिकृत पास वाले वाहनों को छूट दी जाएगी। इसके अलावा, पटना नगर निगम क्षेत्र में 15 से 21 अक्टूबर तक मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े वाहनों के चलने पर भी रोक रहेगी।
दशहरा के दौरान 17 से 20 अक्टूबर तक नगर निगम क्षेत्र में सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी मालवाहक व यात्री वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसमें बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टाटा-407 जैसे वाहन शामिल हैं। बेली रोड पर राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे और आसपास, डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर, कोतवाली, अशोक राजपथ, पटना सिटी और न्यू बाईपास समेत कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक के नियम बदले गए हैं।
डाकबंगला, पटना जंक्शन और गांधी मैदान जाने वालों के लिए बदले रास्ते
डाकबंगला चौराहे से कोतवाली तक किसी भी तरह के वाहन नहीं चलेंगे। जीपीओ गोलंबर से व्यावसायिक वाहन बुद्धमार्ग की तरफ उत्तर दिशा में नहीं जा सकेंगे। उन्हें पश्चिम की ओर आर ब्लॉक चौराहे से जाने की अनुमति होगी। भट्टाचार्या चौराहा, पटना जंक्शन और स्वामीनंदन तिराहे से डाकबंगला चौराहे की ओर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड पर जाने की भी अनुमति नहीं होगी।
पटना जंक्शन से गांधी मैदान जाने वाले छोटे वाहन गोरियाटोली चौक और एक्जीबिशन रोड के रास्ते जा सकेंगे। वापसी के लिए भी यही रास्ता इस्तेमाल करना होगा। सगुना मोड़ के पश्चिमी हिस्से से एयरपोर्ट जाने वाले छोटे वाहन बेली रोड पर रुकनपुरा, राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे, जगदेव पथ और बीएमपी के रास्ते जा सकेंगे। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से एनआईटी मोड़ तक छोटे वाहन दोनों दिशाओं में चलेंगे, जबकि गांधी चौक से गायघाट तक एकतरफा व्यवस्था रहेगी। इस हिस्से में छोटे वाहन पश्चिम से पूर्व की ओर जा सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए भी बदले गए रास्ते
दानापुर से अशोक राजपथ की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ऐसे वाहन दानापुर कैंट, सगुना मोड़ और खगौल-दानापुर स्टेशन के रास्ते जा सकेंगे। वहीं, दानापुर स्टेशन से बिहटा जाने वाले भारी वाहन नेउरा होकर बिहटा और आरा की तरफ निकल सकेंगे। दशहरा के दौरान घर से निकलने से पहले लोगों को अपने रास्ते की जानकारी लेने और तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।