पटना न्यूज डेस्क: बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो सेवा का दायरा बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मलाही पकरी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पटना मेट्रो की प्राथमिक कॉरिडोर सेवा अब न्यू आईएसबीटी से मलाही पकरी तक शुरू हो गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों के लिए कैशलेस और सुविधाजनक सफर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना मेट्रो प्रीपेड स्मार्ट कार्ड भी लॉन्च किया।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने नए प्रीपेड स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करते हुए मलाही पकरी स्टेशन से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया। उन्होंने कहा कि यह विस्तार बिहार के शहरी परिवहन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और राज्य सरकार आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
नई सेवा के तहत न्यू आईएसबीटी से मलाही पकरी तक 6.2 किलोमीटर का सफर 16 मिनट में पूरा होगा। इस रूट पर मेट्रो भूतनाथ और जीरो माइल स्टेशन पर रुकेगी। यात्रियों को हर 35 मिनट पर मेट्रो सेवा मिलेगी और न्यू आईएसबीटी से मलाही पकरी तक का किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के शेष कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि राजधानी में मजबूत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क विकसित किया जा सके।
करीब 13,365 करोड़ रुपये की लागत वाली पटना मेट्रो परियोजना के पहले चरण में दो कॉरिडोर, लगभग 30.9 किलोमीटर लंबा नेटवर्क और कुल 24 स्टेशन शामिल हैं। फिलहाल ब्लू लाइन के न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकरी स्टेशन तक मेट्रो सेवा चालू हो चुकी है। परियोजना के तहत अगले वर्ष मार्च तक सेवा को मीठापुर और वर्ष 2027 के अंत तक पटना जंक्शन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पूरे पहले चरण के वर्ष 2030 तक पूरा होने की उम्मीद है।