पटना न्यूज डेस्क: पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित आरपीएस लॉ कॉलेज रोड पर बने होटल हाईडेन विला को पुलिस ने रविवार को सील कर दिया। यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई, जिसमें एक छात्रा के साथ उसके पिता के सामने होटल में छेड़खानी की गई थी। छात्रा अपने पिता के साथ होटल में ठहरी हुई थी। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें एक होटल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मैनेजर समेत दो कर्मचारी फरार बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम रात करीब 1:15 बजे होटल पहुंची। इस दौरान पीड़िता के पिता ने अपने पटना में रहने वाले भतीजे को भी बुला लिया था। पुलिस ने मौके से होटल कर्मी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। रूपसपुर थाना में कांड संख्या 378/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाली रात होटल में शराब पार्टी चल रही थी। आरोप है कि शराब के नशे में होटल कर्मी छात्रा के कमरे में गलत नीयत से घुसा था। जांच के दौरान होटल से शराब की बोतलें और यौनवर्धक दवाएं बरामद की गईं। वहीं, होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जिससे पुलिस को शक है कि साजिश के तहत कैमरे बंद किए गए थे ताकि घटना का कोई फुटेज रिकॉर्ड न हो सके।
पुलिस के अनुसार होटल हाईडेन विला का निर्माण वर्ष 2022 में हुआ था और इसमें चार साझेदार हैं। हैरानी की बात यह है कि होटल का सुरक्षा ऑडिट नहीं कराया गया था और यह स्थानीय थाने में सूचीबद्ध भी नहीं था। होटल रूपसपुर थाने से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस अब होटल मालिकों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।