पटना न्यूज डेस्क: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। पटना हाई कोर्ट ने टेक्निकल असिस्टेंट (ग्रुप-सी) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 मई 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द आवेदन पूरा कर लें।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कंप्यूटर साइंस, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स या कम्युनिकेशन जैसे विषयों में आईटीआई या डिप्लोमा होना जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम 37 वर्ष तय की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले 100 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसके लिए 2 घंटे का समय मिलेगा और इसमें कम से कम 40% अंक लाना अनिवार्य होगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को स्किल टेस्ट और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन भी दिया जाएगा। टेक्निकल असिस्टेंट के पद पर 29,200 रुपये से लेकर 92,300 रुपये तक मासिक सैलरी मिल सकती है, साथ ही अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी मिलेगा।
इच्छुक उम्मीदवार पटना हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी जानकारी सही भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें।