पटना न्यूज डेस्क: बिहार में अगले दो दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, कई इलाकों में गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज रोहतास, औरंगाबाद, गया और नालंदा के कुछ हिस्सों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं पटना समेत कई जिलों में दिनभर उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी, जबकि शाम के समय मौसम कुछ राहत दे सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान बगहा, बेतिया, रक्सौल, सीतामढ़ी, नालंदा, औरंगाबाद और सुपौल में अच्छी बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। कोसी, गंडक और बागमती समेत कई नदियां उफान पर हैं। कोसी बराज से शुक्रवार सुबह 1.53 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। वहीं बगहा के सिसई और चिउरही पंचायत के करीब 300 परिवार सड़क किनारे तंबू में रहने को मजबूर हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की मुख्य ट्रफ लाइन बिहार के ऊपर लगातार सक्रिय नहीं है और बंगाल की खाड़ी में भी फिलहाल कोई मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम नहीं बना है। इसी वजह से राज्य में व्यापक और लगातार बारिश नहीं हो रही है। अगले एक सप्ताह तक अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सप्ताह के आखिर में कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
पटना में शुक्रवार को हल्के बादल छाए रहेंगे। एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में उमस बनी रहेगी, जबकि शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो सकता है।