पटना न्यूज डेस्क: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया समेत कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। विभाग के अनुसार 23 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
लगातार बारिश से बेगूसराय, खगड़िया, सीवान, बक्सर और बगहा समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बेगूसराय के मंसूरचक क्षेत्र की मुख्य सड़क पानी में डूब गई है, जबकि कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया है। खगड़िया और सीवान में सड़कें लबालब हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के साथ आकाशीय बिजली ने भी कहर बरपाया है। नालंदा, सारण, सिवान, बक्सर और रोहतास में ठनका गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें अधिकतर किसान खेतों में काम कर रहे थे। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 जुलाई तक उत्तर और पश्चिम बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण और मध्य बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। राजधानी पटना में भी अगले दो दिनों तक तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।