पटना न्यूज डेस्क: पटना में बुधवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब लालू प्रसाद यादव बिना पुलिस एस्कॉर्ट और सुरक्षा काफिले के शहर की सड़कों पर निकलते नजर आए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव 10 सर्कुलर रोड से बाहर निकले और अपनी कार से रवाना हुए। वायरल वीडियो में उनके साथ न तो सुरक्षाकर्मियों का बड़ा काफिला दिखाई दिया और न ही पुलिस एस्कॉर्ट की गाड़ियां।
आमतौर पर लालू यादव की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रहती है। ऐसे में उनका बिना सुरक्षा घेरे के बाहर निकलना लोगों के लिए हैरानी की बात बन गया। बताया जा रहा है कि लंबे समय बाद उन्हें इस तरह सार्वजनिक रूप से देखा गया है।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव मंगलवार को सिंगापुर में रूटीन स्वास्थ्य जांच कराने के बाद पटना लौटे थे। उनके साथ तेजस्वी यादव और मीसा भारती भी मौजूद थीं। एयरपोर्ट से आवास तक उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे थे।