पटना न्यूज डेस्क: बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के दौरान खान सर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपनी टीम के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर जरूरत का सामान और पानी लेकर बाढ़ प्रभावित लोगों तक जाते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ कई दूसरे ट्रैक्टर भी राहत सामग्री लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
रास्ते में जब ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ी तो खान सर ने माइक संभाल लिया और ड्राइवर से स्पीड कम करने को कहा। उन्होंने बताया कि पीछे चल रहे लोगों की लाइन बिगड़ गई है। इसके बाद उन्होंने मजाक करते हुए कहा, “ट्रैक्टर को आप राफेल बना दिए हैं।” तेज रफ्तार की वजह से उनका पूरा शरीर हिलने की बात भी उन्होंने कही।
वीडियो में खान सर गले में गमछा डाले ट्रैक्टर की ट्रॉली में बैठे नजर आते हैं और अपनी टीम को लगातार निर्देश देते हैं। टीम बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जरूरी सामान लेकर जा रही है। उनका कहना है कि राहत सामग्री को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है, इसलिए सभी लोग साथ-साथ आगे बढ़ें।
खान सर की टीम की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत का सामान और पीने का पानी पहुंचाया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके इस अंदाज को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राहत अभियान के बीच ट्रैक्टर की रफ्तार को लेकर खान सर की मजेदार टिप्पणी भी लोगों का ध्यान खींच रही है।