पटना न्यूज डेस्क: पटना में खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) से जुड़े विवाद में मंगलवार को अदालत ने अहम फैसला सुनाते हुए खान सर के सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह को जमानत देने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच एजेंसी से मामले की अद्यतन केस डायरी और अन्य जरूरी दस्तावेज पेश करने को कहा। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई 20 जून के लिए तय कर दी गई।
इसी दिन चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर भी सुनवाई होगी। हालांकि अदालत ने फिलहाल उनके खिलाफ किसी तरह की कठोर कार्रवाई पर रोक जारी रखी है, जिससे उन्हें अस्थायी राहत मिली हुई है। मामला 2 जून को पटना के खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हुए हमले और हंगामे से जुड़ा है। इस संबंध में कदमकुआं थाना में दर्ज एफआईआर में शिक्षक रोशन आनंद, उनके भाई प्रिंस यादव, अभिषेक और अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया गया था।
विवाद उस समय और गहरा गया जब रोशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की रहस्यमय मौत के लिए खान सर को जिम्मेदार ठहराते हुए सीबीआई जांच की मांग कर दी। इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
उधर नेपाल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत की जांच भी तेज हो गई है। नेपाल पुलिस ने जांच के दौरान प्रिंस के पांच दोस्तों को हिरासत में लिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच एजेंसियों ने उस होटल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है जहां प्रिंस ठहरे हुए थे। साथ ही उनके कमरे से मोबाइल फोन, दवाइयां और अन्य निजी सामान जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।