पटना न्यूज डेस्क: बंगाल की खाड़ी में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवन' का असर बिहार के मौसम पर भी पड़ सकता है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 से 22 नवंबर के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान पूर्वी और मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 21 नवंबर को भागलपुर और कटिहार के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वी बिहार में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार, तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है और पिछले छह घंटों में करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा है।
बुलेटिन के मुताबिक, 18 नवंबर की सुबह 5:30 बजे तूफान आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 440 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 530 किलोमीटर दक्षिण में था। सक्रिय पूर्वी हवाओं के साथ यह सिस्टम बिहार के मौसम को प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने को कहा है। कटी हुई और कटाई के लिए तैयार फसल को सुरक्षित जगह पर रखने के साथ खुले खेतों में रखी उपज को तिरपाल से ढकने की सलाह दी गई है। किसानों से अनावश्यक सिंचाई से बचने और खेतों में पानी की निकासी का इंतजाम रखने को कहा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवा, बिजली और भारी बारिश से खड़ी फसलों, पेड़ों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की आशंका भी है। लोगों से गरज-चमक के दौरान घरों से बाहर न निकलने और मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।