पटना न्यूज डेस्क: बिहार में नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शन के दो दिन बाद शुक्रवार को सीपीआई(एमएल) लिबरेशन के विधायक संदीप सौरव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
संदीप सौरव बुधवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन बाद में हिंसक हो गया था। इस दौरान भाजपा नेताओं के साथ कथित मारपीट, उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ और हंगामे की घटनाएं सामने आई थीं।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए विधायक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, बिहार विधानसभा में भी एनडीए के विधायकों ने संदीप सौरव पर प्रदर्शनकारियों को उकसाने का आरोप लगाया था।
उधर, पटना के बाद गुरुवार को जहानाबाद, दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय समेत कई जिलों में भी नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए। कई जगह प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिस पर पथराव करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को अलग-अलग जिलों से 114 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था। वहीं शुक्रवार को भी 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।