पटना न्यूज डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बिहार दौरे के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। पहले जहां उनके पटना आने की चर्चा थी, अब उनका यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने जानकारी दी कि 20 अप्रैल को खरगे सिर्फ बक्सर में पार्टी के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। हालांकि पटना में होने वाले किसी कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा पहले नहीं की गई थी।
खरगे पहले बक्सर के दलसागर मैदान में होने वाले ‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पटना के बापू सभागार में आयोजित संविधान सुरक्षा कार्यक्रम में भाग लेने वाले थे। लेकिन अब वे सिर्फ बक्सर की सभा में ही मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को बक्सर के कार्यक्रम स्थल दलसागर मैदान और चुरामनपुर में बन रहे हेलीपैड का निरीक्षण भी किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार वंचित और शोषित समाज के हक के लिए लड़ रही है और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मज़बूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाहाबाद और पटना जैसे क्षेत्रों से मल्लिकार्जुन खरगे संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा का मज़बूत संदेश देंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।