पटना न्यूज डेस्क: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना को दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 249 करोड़ रुपये की लागत से बने मीठापुर बस स्टैंड को मीठापुर गोलंबर से जोड़ने वाले फ्लाईओवर, पहुंच पथ और सर्विस रोड का लोकार्पण किया। इसके शुरू होने से मीठापुर, करबिगहिया और स्टेशन रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। वहीं, पटना से पुनपुन की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के तहत मीठापुर से सिपारा तक बने 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर शुरू होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। इसके साथ ही मीठापुर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों से आवागमन आसान होगा। एलिवेटेड रोड से महुली होते हुए पुनपुन जाने वाले लोगों को भी जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण के बाद सम्राट चौधरी ने पैदल और वाहन से नए फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया। इस परियोजना के दूसरे चरण पर 231.23 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पूरी परियोजना में एलिवेटेड सड़क की लंबाई 4.30 किलोमीटर है। इसका उद्देश्य पटना को गयाजी और पटना रिंग रोड से बेहतर तरीके से जोड़ना है। परियोजना का शिलान्यास अक्टूबर 2023 में किया गया था और निर्माण कार्य 27 नवंबर 2023 से शुरू हुआ था।
एलिवेटेड रोड पर यात्रियों की सुविधा के साथ आसपास रहने वाले लोगों का भी ध्यान रखा गया है। सड़क के किनारे ध्वनि प्रदूषण कम करने के लिए ध्वनिशोषक लगाए गए हैं, जबकि रात में बेहतर यातायात के लिए पूरी लंबाई में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है। एलिवेटेड रोड के बीच एंटी-ग्लेयर स्क्रीन भी लगाई गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह कॉरिडोर आगे पटना, गयाजी, बिहारशरीफ और बख्तियारपुर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत करेगा।