पटना न्यूज डेस्क: बीपीएससी TRE-4 में पीटी से मेंस तक परीक्षा प्रक्रिया, निगेटिव मार्किंग हटाने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की है, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद डाकबंगला चौराहे पर भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
डाकबंगला चौराहे पर पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने वहां की घेराबंदी भी तोड़ने की कोशिश की। छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज भी किया। मेट्रो के लोहे की शील्ड के कारण प्रदर्शनकारी फिलहाल आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। पुलिस लगातार छात्रों को समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
प्रदर्शन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में पुलिस डाकबंगला चौराहे पर कार्रवाई कर रही है। जेपी गोलंबर के पास भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, जहां छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सीआरपीएफ को भी मैदान में उतारा गया है।
ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के अमन गुट की ओर से बुलाए गए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। प्रदर्शनकारी बीपीएससी TRE-4 से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।