पटना न्यूज डेस्क: मुंगेर और गयाजी में दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश शुरू होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों में बिहार के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर एरिया के असर से 6 से 9 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, नेपाल से सटे उत्तर बिहार के 8 जिलों में आज तेज बारिश होने की संभावना है, हालांकि फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पटना समेत बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
दूसरी तरफ, बिहार से मानसून की विदाई इस बार समय से पहले शुरू हो गई है। दक्षिण-पश्चिम बिहार में पटना समेत कई जिलों से मानसून लौट चुका है और इसकी वापसी की रेखा अब सुपौल से होकर गुजर रही है। आमतौर पर राज्य से मानसून 10 से 11 अक्टूबर के आसपास विदा होता है, लेकिन इस बार करीब एक हफ्ते पहले ही इसकी वापसी शुरू हो गई है। मानसून के लौटने के साथ बारिश की गतिविधियां भी धीरे-धीरे कमजोर होंगी, हालांकि स्थानीय मौसमी सिस्टम के कारण कुछ जिलों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।
इधर, राज्य के 6 जिलों के करीब 466 गांव अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक करीब 92,730 बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सारण में बाढ़ का असर सबसे ज्यादा है, जबकि पटना में गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे नीचे आने लगा है। मौसम की बात करें तो उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश तक बना ट्रफ बिहार, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर रहा है, जिससे वातावरण में नमी बनी हुई है। साथ ही बिहार और आसपास करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना है, जिसके चलते उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में बादल और हल्की बारिश हो सकती है।