पटना न्यूज डेस्क: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के कई हिस्सों में जहां भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, वहीं राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के जिलों में भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बने रहने की चेतावनी जारी की गई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 11 जिलों में भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मुजफ्फरपुर, लखीसराय, शिवहर, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, बांका, भागलपुर, किशनगंज और अररिया जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आंधी की संभावना है। इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन को भी संभावित जलभराव और मौसम जनित आपदाओं से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
दूसरी ओर राजधानी पटना और दक्षिण बिहार के कई क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। गर्म और शुष्क हवाओं के कारण लोगों को लू जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि सीमांचल क्षेत्र में होने वाली बारिश का असर आने वाले दिनों में तापमान पर पड़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एल नीनो के प्रभाव ने बिहार के मौसम चक्र को प्रभावित किया है। इसके चलते सामान्य से कम मानसूनी गतिविधियां और अधिक गर्मी देखने को मिल रही है। यदि एल नीनो और अधिक मजबूत होकर ‘सुपर एल नीनो’ की स्थिति में पहुंचता है, तो राज्य के कई हिस्सों में सूखे का खतरा बढ़ सकता है। इसी आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने किसानों को वैकल्पिक तैयारियां रखने की सलाह दी है।