पटना न्यूज डेस्क: बिहार में लगातार बारिश के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। शनिवार को पटना समेत 19 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश के सबसे ज्यादा आसार हैं, जबकि पटना में भी रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में भी राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सीतामढ़ी के ढेंगब्रिज में सबसे ज्यादा 144 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद खगड़िया के बलतारा में 116.2 मिलीमीटर, मधुबनी के झंझारपुर में 110.6 मिलीमीटर, पश्चिमी चंपारण के बगहा में 98.2 मिलीमीटर और खगड़िया शहर में 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा है। शुक्रवार को कैमूर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना में शनिवार को घने बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा। शुक्रवार को दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट मौसम खराब होने के कारण पटना में लैंड नहीं कर सकी और उसे सुरक्षित तरीके से कोलकाता भेज दिया गया।
मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज गरज-चमक को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर नहीं रहने की सलाह दी है। ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने और सुरक्षित पक्के मकान में रहने को कहा गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 26 सितंबर के बाद भारी बारिश से राहत मिलने के संकेत हैं और 27 सितंबर से मौसम सामान्य हो सकता है, हालांकि कुछ जगह हल्की बारिश जारी रह सकती है। इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सामान्य 959.4 मिलीमीटर के मुकाबले अब तक 646.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।