पटना न्यूज डेस्क: जुलाई और अगस्त में कम बारिश के बाद बिहार में सितंबर का महीना किसानों के लिए राहत लेकर आ सकता है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सितंबर 2026 में दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में सामान्य से अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर बिहार में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में बिहार में सामान्य बारिश 271.9 मिलीमीटर रहती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पटना, गया, जहानाबाद, नवादा, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। इसके अलावा भभुआ, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी सितंबर में अच्छी बारिश के आसार हैं।
वहीं, बाढ़ से प्रभावित उत्तर बिहार के लिए सितंबर का कम बारिश वाला पूर्वानुमान राहत देने वाला है। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में हाल में बाढ़ का पानी पहुंचा है। ऐसे में अगर सितंबर में बारिश सामान्य से कम रहती है तो नदियों के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।
दक्षिण बिहार के किसानों के लिए सितंबर की बारिश बेहद अहम मानी जा रही है। जुलाई और अगस्त में कम बारिश के कारण धान की रोपाई के लिए कई जगह किसानों को बोरिंग के पानी पर निर्भर रहना पड़ा। रोहतास, पटना और नालंदा जैसे जिलों में बारिश की कमी से किसान परेशान रहे। ऐसे में सितंबर में अच्छी बारिश होती है तो धान की फसल को फायदा मिल सकता है और किसानों की चिंता कुछ कम हो सकती है।