ताजा खबर

बिहार में बारिश का दौर जारी, 19 जिलों में यलो अलर्ट; कोसी के बढ़ते जलस्तर से 35 पंचायतों पर खतरा

Photo Source : Google

Posted On:Friday, September 25, 2026

पटना न्यूज डेस्क: बिहार में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोन अर्नब का असर भी राज्य के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिनों से कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बंगाल के करीब होने की वजह से पूर्णिया में इसका असर ज्यादा देखने को मिला। बायसी प्रखंड के गांघर पंचायत के मालोपाड़ा गांव में गुरुवार को तेज आंधी के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा। वहीं शुक्रवार सुबह गोपालगंज, नालंदा, खगड़िया, पटना, बेगूसराय और छपरा में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज बिहार के 19 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश के साथ कोसी नदी को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कोसी का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने इंजीनियर्स को अलर्ट पर रखा है और माइकिंग के जरिए लोगों को सावधान किया जा रहा है। अनुमान है कि शुक्रवार तक कोसी बराज से 5 से 6 लाख क्यूसेक तक पानी छोड़ा जा सकता है। ऐसे में जिला प्रशासन ने नाविकों को भी सतर्क रहने को कहा है। तटबंध के अंदर रहने वाले नवहट्टा, महिषी, सिमरी बख्तियारपुर और सलखुआ के लोगों से सुरक्षित और ऊंची जगहों पर जाने की अपील की गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बिहार में बारिश की वजह सिर्फ एक सिस्टम नहीं है, बल्कि कई मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन बिहार से इसकी पूरी तरह वापसी में अभी समय लगेगा। दूसरी तरफ आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय क्षेत्र में बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। ऊपरी वायुमंडल में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर भी बना हुआ है। इन सभी सिस्टम की वजह से वातावरण में नमी और अस्थिरता बढ़ रही है, जिससे कई जगह बारिश और गरज-चमक हो रही है।

राजधानी पटना में भी पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और पटना समेत आसपास के इलाकों में उमस से राहत मिल सकती है। हालांकि बारिश रुकने के बाद नमी बढ़ने से फिर उमस महसूस हो सकती है। इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश हुई है। 24 सितंबर तक 949.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि करीब 612 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड हुई है। पिछले 24 घंटे में खगड़िया में 74 मिमी, कटिहार में 67 मिमी, बांका में 65 मिमी और पटना-मुंगेर में 62 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।


पटना और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Patnavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.