पटना न्यूज डेस्क: बिहार में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से पटना समेत कई जिलों में उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, वैशाली, पश्चिमी चंपारण और पटना में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान पटना में दिनभर बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन लोगों को गर्मी और चिपचिपी उमस से राहत नहीं मिली। वहीं मुजफ्फरपुर, मधेपुरा और पूर्णिया में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हवा में नमी ज्यादा होने और बादलों के ठीक से नहीं बरसने की वजह से उमस बढ़ रही है।
पटना में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 30 अगस्त को भी पटना समेत कई जिलों में बादल और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 31 अगस्त को पटना में घने बादल छाने और तेज बारिश होने का अनुमान है। इससे अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री तक गिर सकता है।
बीते दिन दरभंगा 36.7 डिग्री सेल्सियस के साथ बिहार का सबसे गर्म जिला रहा। औरंगाबाद में 36.5, पूर्णिया और अररिया में 36.4, रोहतास और कैमूर में 36, सुपौल में 35.8 और भागलपुर में 35.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक 438.6 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य तौर पर 756.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी राज्य में अब तक सामान्य से 42 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।