पटना न्यूज डेस्क: पटना में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, PMCH-AIIMS-IGIMS में बनाए जाएंगे विशेष आइसोलेशन वार्ड
पटना में इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। विभाग ने पीएमसीएच, एम्स पटना और आईजीआईएमएस को इबोला संदिग्ध मरीजों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत तीनों प्रमुख अस्पतालों में 5 से 7 बेड की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल राज्य में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारी पूरी रखी जा रही है। पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि निर्देश मिलते ही अस्पताल ने आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। वहीं आईजीआईएमएस और एम्स पटना भी सतर्कता बढ़ा रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी और गले में खराश जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। जिला स्तर पर भी जल्द दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे ताकि सभी अस्पताल सतर्क रह सकें।
इबोला वायरस की पहचान पहली बार वर्ष 1976 में अफ्रीकी देश कांगो में हुई थी। यह वायरस संक्रमित व्यक्ति या जानवर के शारीरिक तरल पदार्थों के सीधे संपर्क से फैलता है। विशेषज्ञों के अनुसार यह वायरस हवा के माध्यम से नहीं फैलता, लेकिन संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।