पटना न्यूज डेस्क: पटना के दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद के बीच अलख पांडे ने शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के समर्थन में खुलकर बयान दिया है। इससे पहले केडी कैंपस की संस्थापक नीतू मैम और पूर्व यूपीएससी शिक्षक अमित किलोर भी खान सर के पक्ष में अपनी बात रख चुके हैं। यह विवाद खान ग्लोबल स्टडीज और रौशन सर के स्वामित्व वाली ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद सामने आया है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब रौशन सर के भाई की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद रौशन सर ने जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई की मौत के लिए वही जिम्मेदार हैं। दूसरी ओर, इस मामले में खान सर के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई, जिसमें उन पर गोलीबारी की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया। हालांकि उन्हें गिरफ्तारी से राहत मिल चुकी है।
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में अलख पांडे ने कहा कि खान सर ने शिक्षा को लाखों छात्रों के लिए सुलभ और किफायती बनाया है। उन्होंने कहा कि किसी घटना के बाद वीडियो बनाने के बजाय सच्चाई सामने आने का इंतजार करना चाहिए। अलख ने यह भी कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद 2 जून को बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल छात्रों के सम्मान समारोह को लेकर शुरू हुआ था। पोस्टर फाड़े जाने के आरोपों के बाद तनाव बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया। खान सर ने आरोप लगाया था कि उनकी संस्था के बाहर तोड़फोड़ और फायरिंग की गई थी। अब रौशन सर के भाई की मौत के बाद यह विवाद और गहरा गया है। खान सर ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मृतक के प्रति संवेदना व्यक्त की है।