पटना न्यूज डेस्क: बिहार के जहानाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। परसा बीघा थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में 25 वर्षीय महिला की उसके देवर ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटना की वजह खाना परोसने में हुई देरी को लेकर हुआ विवाद बताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान अंशु देवी, पत्नी धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे और अंशु घर पर अकेली थीं। इसी दौरान उनका देवर कुणाल कुमार काम से घर लौटा और खाना मांगा। आरोप है कि खाना देर से मिलने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद कुणाल ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गांव के बाहर बरगद के पेड़ पर महिला का कटा हुआ सिर लटका देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने आरोपी कुणाल कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले संदिग्ध हथियार को भी बरामद कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
परसा बीघा थाना प्रभारी सर्व नारायण ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खाना देर से परोसने को लेकर हुए विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।