पटना न्यूज डेस्क: पटना में चोरों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बंद घर और फ्लैट को निशाना बनाते हुए करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर पानी टंकी के पास रहने वाली लालपति देवी अपने घर में ताला लगाकर बेटी के यहां गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के अनुसार, चोर सोने की दो नथ, चेन, मांगटीका, झुमके, लॉकेट, तीन जोड़ी पायल, तीन जउतिया और 15 हजार रुपये नकद समेत पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चुरा ले गए।
वहीं, अगमकुआं थाना क्षेत्र की बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में भी चोरों ने सेंध लगाई। फ्लैट मालिक विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि चोर ताला तोड़कर घर में घुसे और दो लैपटॉप, सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र और बेड के नीचे रखे 29 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।