पटना न्यूज डेस्क: बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) के खिलाफ लाखों रुपये की चोरी का मामला दर्ज कराया है। तेज प्रताप का आरोप है कि उनके पीए ने पार्टी फंड से 20 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में उन्होंने पटना के सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, घटना सोमवार देर रात उनके 42 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास पर हुई। तेज प्रताप यादव ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और उनके साथ रहने वाले विशाल ने कथित तौर पर पीए को एक बैग लेकर आवास की दीवार फांदकर भागते हुए देखा। दोनों ने उसे चोरी का आरोपी बताया है और घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा किया है।
तेज प्रताप ने अपनी शिकायत में कहा है कि चोरी हुए सामान में 23 ग्राम से अधिक वजन की सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। एफआईआर में आरोपी की पहचान वैशाली जिले के रहने वाले मोतीलाल राय के रूप में की गई है। शिकायत के मुताबिक, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स भी गायब पाए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों ने तेज प्रताप यादव के आवास का दौरा भी किया। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में भी तेज प्रताप यादव ने अपने आवास से नकदी और कीमती सामान चोरी होने का आरोप एक केयरटेकर पर लगाया था। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।