पटना न्यूज डेस्क: बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार शाम एयर स्ट्राइक मॉकड्रिल के दौरान हुए ब्लैकआउट के बीच एक मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट में रहने वाले 25 वर्षीय पिंटू कुमार को अपराधियों ने उस समय निशाना बनाया, जब पूरे शहर में 15 मिनट का ब्लैकआउट चल रहा था। घटना शाम 7 बजे से 7:17 बजे के बीच हुई। हत्या के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अपराधियों ने इस हत्याकांड की पूरी प्लानिंग पहले से कर रखी थी। पिंटू कुमार की दिनचर्या और आवाजाही की रेकी करने के बाद गुरुवार शाम का समय चुना गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक हमलावरों को पहले से पता था कि ब्लैकआउट के दौरान इलाके में अंधेरा रहेगा और लोगों की आवाजाही भी कम होगी, जिससे वारदात को अंजाम देना आसान हो जाएगा।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हत्या में पेशेवर शूटर शामिल थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इस्तेमाल की गई पिस्टल में साइलेंसर लगाया था ताकि गोली चलने की आवाज लोगों तक न पहुंचे। ब्लैकआउट और सन्नाटे के बीच अपराधियों ने पिंटू कुमार के सिर में गोली मारी और बिना किसी शोर-शराबे के वहां से निकल गए। आसपास के लोगों को वारदात की जानकारी काफी देर बाद हुई।
पुलिस को शक है कि हमलावर पैदल ही इलाके में पहुंचे थे और पैदल ही फरार हुए। अधिकारियों का मानना है कि अपराधियों ने ब्लैकआउट के दौरान वाहन इस्तेमाल करने से बचा ताकि किसी की नजर उन पर न पड़े। फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।